वाराणसी। शहर के प्रमुख होटल एवं जर्दा कारोबारी जगत चौरसिया के यहां 80 घंटे तक चली छापेमारी के बाद शनिवार की दोपहर दिल्ली से आईं आयकर विभाग की टीमें वापस लौट गईं। होटलों, प्रतिष्ठानों, कार्यालयोें और आवासों पर चली कार्रवाई के बाद बैंकों के पासबुक और महत्वपूर्ण दस्तावेज सीज कर दिए गए हैं। कितने की कर चोरी पकड़ी गई, टीम ने इसका खुलासा नहीं किया। स्थानीय अधिकारियों का कहना था कि कार्रवाई सीधे दिल्ली मुख्यालय की निगरानी में की गई है। कितने की कर चोरी पकड़ी गई, इसका अभी तक कोई स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि पूरी छानबीन के बाद कर चोरी का बड़ा आंकड़ा सामने आ सकता है।
बुधवार की सुबह साढ़े आठ बजे दिल्ली से आई आयकर विभाग की 40 सदस्यीय टीमों ने कारोबारी के शहर स्थित आधा दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की थी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक कारोबारी की तरफ से रिटर्न दिल्ली में फाइल किया जाता था। कर चोरी के अंदेशे में दिल्ली मुख्यालय से 40 से अधिक अफसर यहां आए। कैंटोनमेंट स्थित मेरिडियन और मदीन होटल, नाटी इमली स्थित आवास के अलावा कारोबारी के सीए के चौक स्थित आवास, रथयात्रा निराला निवेश स्थित एक अन्य आवास पर छापेमारी की गई। इसके अलावा चंदौली, रुद्रपुर, हरिद्वार, दिल्ली, नोएडा स्थित कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर भी छापे मारे गए। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक शनिवार की दोपहर तक चली कार्रवाई में कारोबारी के बैंक खाते, दस्तावेजों, हार्डडिस्क, विवरणी, आय-व्यय, खरीद फरोख्त आदि ब्योरे जब्त कर लिए हैं। दिल्ली लौटने से पहले आयकर टीम ने कितने की कर चोरी पकड़ी, इसका खुलासा नहीं किया।