वाराणसी। बीएचयू में कुलपति का कार्यकाल पूरा होने की तिथि नजदीक आते ही रेक्टर की तैनाती की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों की मानें तो मानव संसाधन मंत्रालय ने रेक्टर की तैनाती की पहल के साथ ही नए कुलपति की नियुक्ति के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। 26 नवंबर को कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी का कार्यकाल पूरा होने से पहले रेक्टर के नाम की घोषणा हो सकती है। कहा जा रहा है कि मंत्रालय की पहल पर बीएचयू से तीन शिक्षकों के नाम भेजे गए हैं। इनमें दो महिलाओं के नाम भी हैं।
प्रो. जीसी त्रिपाठी का कार्यकाल पूरा होने में अब महज 12 दिन शेष हैं। मंत्रालय की ओर से नए कुलपति की नियुक्ति को लेकर आवेदन की प्रक्रिया तो पूरी हो चुकी है। अन्य औपचारिकताएं भी पूरी करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। मंत्रालय को भेजे गए तीन नामों में शामिल दो महिलाओं में एक तो दूसरे प्रदेश में कुलपति भी रह चुकी हैं, जबकि एक महिला प्रोफेसर कैंपस में ही बड़े पद पर तैनात हैं। तीसरे जिन प्रोफेसर का नाम शामिल हैं, उनके पास भी बड़ी जिम्मेदारी है।