वाराणसी। जैतपुरा थाने में युवती के अपहरण के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए बुनकर पिंटू राजभर (25) ने मंगलवार को टॉयलेट क्लीनर पी लिया। इसके कुछ ही घंटे बाद उपचार के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उसकी मौत हो गई। पुलिस हिरासत में पिंटू की मौत से गुस्साए उसके घर वालों और मुहल्ले के लोगोें ने दुकानें बंद कराकर सरैयां में कज्जाकपुरा-पुराना पुल मार्ग पर देर शाम जाम लगा दिया।
इस मामले में एसएसपी ने सरैयां चौकी प्रभारी दुर्गेश यादव को निलंबित कर दिया। साथ ही, जैतपुरा थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश गुप्ता को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, पिंटू की बहन चिंकी की तहरीर पर युवती के भाई कल्लू व मन्नो, सैफुल और अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ जैतपुरा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, मामला तूल पकड़ता देख तीन सीओ, 10 थानों की फोर्स, एक कंपनी पीएसी, क्यूआरटी और दंगा नियंत्रण वाहन के साथ एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। रात 8:30 बजे चिंकी ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, दस लाख रुपया मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी संबंधी मांग पत्र पुलिस अफसरों को सौंपा। अधिकारियों ने इस संबंध में उसे आश्वस्त किया तब जाकर लोग शांत हुए और जाम खत्म किया। देर रात वीडियो कैमरे के सामने पोस्टमार्टम के बाद पिंटू का शव परिवारीजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
इससे पहले मंगलवार की सुबह जैतपुरा थाने में पिंटू ने पुलिसकर्मियों से टॉयलेट जाने की बात कही। इसी दौरान उसने वहां रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया। थोड़ी देर बाद वह उल्टी करने लगा और हालत बिगड़ी तो पुलिस सुबह 9:20 बजे के लगभग पिंटू को लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंची। पुलिस हिरासत में टॉयलेट क्लीनर पीने की सूचना पाकर डिप्टी कलेक्टर (माल) मनोज सागर ने मंडलीय अस्पताल जाकर पिंटू का बयान दर्ज किया। करीब 11 बजे पिंटू की हालत और बिगड़ी तो उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया जहां उपचार के दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे उसकी मौत हो गई।