वाराणसी। भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम ने शनिवार रात फीबा एशिया कप 2017 में कजाकिस्तान को 75-73 से मात देकर ‘ए’ डिवीजन में प्रवेश किया। बनारस की बरखा सोनकर भारत की तरफ से तीसरी टॉप स्कोरर रहीं।
शनिवार की देर शाम बंगलूरू के श्री कांतीरेवा इंडोर स्टेडियम में हुए रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने अंतिम के कुछ मिनटों में बेहतरीन प्रदर्शन कर कजाकिस्तान को मात दी। इस जीत से खुश भारतीय बास्केटबॉल महासंघ के अध्यक्ष के गोविंदराज ने भारतीय टीम के लिये 15 लाख रुपए पुरस्कार की घोषणा की है। बरखा के घर में भी जश्न का माहौल है। फोन पर हुई बातचीत में बरखा ने कहा कि हमारी टीम ने अंतिम समय तक संघर्ष किया और फाइनल मुकाबले में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। जीत के बाद उन्होंने अपनेे माता-पिता को फोन कर आशीर्वाद लिया।