जौनपुर। जिले के नेवढ़िया, मड़ियाहूं और केराकत क्षेत्र में शनिवार की रात चोरों ने दो दूकानों और एक मकान में सेंध लगाकर नकद व जेवरात समेत छह लाख से अधिक का माल पार कर दिया। सुबह चोरी का पता लगने पर पहुंची पुलिस छानबीन की लेकिन चोरों का पता नहीं चल सका।
नेवढ़िया प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी रमेश गुप्ता की गांव में ही जनरल स्टोर की दूकान है। शनिवार रात चोर दूकान के पिछले दरवाजे में लगी कुंडी को काटकर अंदर घुसे और तीन हजार आठ सौ रुपये समेत एक लाख से अधिक का माल पार कर दिया। दूकान मालिक सुबह दूकान खोलने पहुंचे तो चोरी का पता चला।
मड़ियाहूं प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गौहर गांव निवासी ओमप्रकाश यादव के मकान में पीछे की दीवार में सेंध काटकर घुसे चोर घर के अंदर रखी आलमारी व पेटी तोड़कर 15 हजार नगदी सहित तीन पांच लाख से अधिक के जेवरात व अन्य कीमती सामान उठा ले गए। सुबह चोरी का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
केराकत प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के सरायबीरु चौराहे पर स्थित एक आभूषण की दूकान में सेंध लगाकर चोर ढाई हजार रुपये उठा ले गए। सुबह दूकानदार सौरभ सेठ दूकान खोलने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। हालांकि आभूषण की दूकान से चोर अन्य कोई सामान नहीं ले जा सके। (ब्यूरो)