वाराणसी। बनारस के काशी और बाबतपुर सहित देश के 4882 रेलवे स्टेशनों पर जल्द ही वाई-फाई की सुविधा यात्रियों को मिल सकेगी। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने ‘100 डेज प्लान’ योजना शुरू की है। इसके तहत इन रेलवे स्टेशनों पर सौ दिन के भीतर सरकार व निजी संस्था की मदद से वाई-फाई सुविधा शुरू करनी है। इतना ही नहीं हाल्ट स्टेशनों को भी इस योजना से जोड़े जाने का निर्देश जोनल व मंडल कार्यालयों को दिया गया है।
केंद्र सरकार ने 6485 रेलवे स्टेशनों पर वाई-फाई सुविधा प्रदान करने का लक्ष्य रखा था। 1603 रेलवे स्टेशनों पर यह सुविधा मिलने लगी है। अब बचे हुए 4882 रेलवे स्टेशनों पर व्यवस्था की जानी है। उत्तर रेलवे के कैंट रेलवे स्टेशन तो वहीं पूर्वोत्तर रेलवे के सिटी, सारनाथ, मंडुवाडीह में वाई-फाई की सुविधा यात्रियों को मिल रही है। मंडुवाडीह की नवनिर्मित सेकेंड एंट्री पर भी यह सुविधा प्रदान करने की तैयारी की जा रही है।
कैंट रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्य के चलते कई प्लेटफार्म पर से केबल व वाई-फाई का सेट अप हटा दिया गया है। इसकी वजह से कई प्लेटफार्मों पर वाई-फाई की सुविधा यात्रियों को नहीं मिल पा रही है। यही हाल कई और स्टेशनों पर भी है।