वाराणसी। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के सीएमएस मेजर (डॉ.) विपुल कुमार को लापरवाही भारी पड़ गई। शुक्रवार को एनएचएम के निदेशक और सचिव पंकज कुमार के निरीक्षण के दौरान ओपीडी में दलाल मिलने, शासन के निर्देश के बावजूद कर्मचारी को न हटाने जैसी खामियां मिलने पर उन्हें हटा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग लखनऊ की ओर से शनिवार दोपहर पहुंचे आदेश के अनुसार, सीएमएस को डीजी कार्यालय से अटैच करते हुए संयुक्त निदेशक बनाया गया है। वहीं, जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. राहुल सिंह को जिम्मेदारी दी गई, लेकिन उन्होंने चार्ज लेने से इंकार कर दिया।
सूत्रों की माने तो दो चिकित्सकों समेत दो-तीन कर्मचारियों पर कार्रवाई हो सकती है। शासन की ओर से इनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय स्तर पर जांच कर रहे एएसपी भी जल्द ही मामले में इन लोगों से पूछताछ कर सकते हैं। उधर, शनिवार दोपहर सीएमएस को हटाए जाने का आदेश आने के बाद चार्ज जिला कुष्ठ रोग अधिकारी को सौंपा गया, लेकिन उन्होंने चार्ज नहीं लिया।