वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पूर्व शुक्रवार को उनके दूत आए। शासन से नियुक्त जिले के नोडल अधिकारी एनएचएम के निदेशक पंकज कुमार ने विकास भवन में समीक्षा की। इस दौरान सीएम के दूत ने आम जनता से अपील की कि पीडब्ल्यूडी के ‘निगरानी पीडब्ल्यूडी एप’ का इस्तेमाल करें। सड़क पर गड्ढा दिखे तो जगह के साथ फोटो खींचकर एप पर भेंजे। तत्काल सड़कों की मरम्मत होगी। कोई भी व्यक्ति इस एप के माध्यम से खराब सड़क की मरम्मत के लिए फोटो खींचकर भेज सकता है। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह को प्रोत्साहित करने को कहा। इसके अलावा कहा कि एक से पांच जुलाई तक जिले में सामूहिक विवाह योजना का कार्यक्रम होगा।
बैठक में सीएम के दूत ने कहा कि शासन में किसी योजना की स्वीकृति या फंड, रिलीज लंबित है तो उसकी सूची उपलब्ध कराएं। उसे शासन से जारी कराया जाएगा। कहा कि निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल जुलाई में क्रियाशील हो जाएंगे। इस लिए चारा आदि की पूरी व्यवस्था कर ली जाए। कहा कि शासन की ओर से दो बड़े गोवंश आश्रय स्थलों के लिए 2.40 करोड़ रुपये आया है। इसमें एक आश्रय स्थल तैयार हो चुका है जबकि दूसरे का चयन हो गया है। इसके अलावा उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, सामूहिक विवाह, पेंशन, छात्रवृत्ति, ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण पेयजल, खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, नहरों में पानी की उपलब्धता, एक जनपद एक उत्पाद, निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में डीएम सुरेंद्र सिंह, सीडीओ गौरांग राठी समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।