वाराणसी। सुबह-ए-बनारस के साथ सूर्य किरणों ने जैसे ही पृथ्वी पर अपनी रश्मियां बिखेरीं लोगों के पग खेल मैदानों की ओर बढ़ चले। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में अल सुबह ही लोग खेल मैदान पर जमा होने लगे थे। आयोजन का शुभारंभ योगी प्रतीक चैतन्य के ध्यान योग संगीत से हुआ। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने योग पर चर्चा के साथ ही लोगों से जलसंरक्षण का भी संकल्प दिलाया। कुलपति प्रो. टीएन सिंह ने अतिथियों का स्वागत, संयोजन कुलसचिव डॉ. साहब लाल मौर्य और सीडीओ गौरांग राठी ने धन्यवाद दिया। मंच संयोजन डॉ. अनिता गौतम एवं डॉ. भारती रस्तोगी ने किया।
इसी क्रम में काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी बीएचयू में अंतरराष्ट्र्रीय योग दिवस मनाया गया। आर्य महिला पीजी कॉलेज एवं आर्य महिला नागरमल मुरारका मॉडल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में योग शिविर का आयोजन किया गया। इसके अलावा अखिल भारतीय केशरवानी वैश्य महिला सभा, श्री गणेश चिल्ड्रेन वेलफेयर सोसाइटी, एसओएस और बाल गृह शिशु, मारवाड़ी युवा मंच वरूणा शाखा, भारत विकास परिषद वरुणा, काशी संगीत विद्यापीठ एवं काशी किड्ज की ओर से योगासन कराया। लायंस क्लब वाराणसी की ओर से अग्रसेन कन्या इंटर कालेज में योगाभ्यास कराया गया। वैष्णवी प्रशिक्षण केंद्र की ओर से जय नारायण इंटर कालेज में योगाभ्यास कराया गया। वनिता पॉलिटेकिभनक लहुराबीर में अन्नपूर्णा शुक्ला ने योग से होने वाले फायदों के बारे में बताया। हैप्पी मॉडल स्कूल कुरहुआं में पदासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन जैसे विभिन्न आसानों का अभ्यास किया। इम्पीरियल पब्लिक स्कूल चेतगंज के प्रांगण में विद्यालय प्रमुख सोमा गांगुली ने बच्चों को योग के बारे में जानकारी दी। मुस्लिम महिला फाउंडेशन, भारत विकास परिषद आस्था, स्वर्णिम, संत निरंकारी भवन मलदहिया, गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कालेज और गुरूनानक इंग्लिश स्कूल गुरुबाग में योग दिवस मनाया गया। दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउटेंट ऑफ इंडिया, कृषक महिला एवं गृह शिल्प केंद्र द्वारा संचालित ओपन शेल्टर होम मंडुआडीह, राजकीय आईटीआई चौकाघाट, राजा बलदेव दास बिड़ला अस्पताल मच्छोदरी पार्क, आदित्य नारायण पब्लिक स्कूल चोलापुर, जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान सारनाथ में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 10 हजार स्वयंसेवकों ने भी योग किया।