वाराणसी। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने दरवेश सिंह यादव के आश्रितों को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इसके अलावा कचहरी परिसरों में असलहा के साथ प्रवेश पर रोक, काउंसिल के सदस्यों को प्रदेश स्तर पर अधिवक्ता प्रतिनिधि होने के लिए प्रोटोकॉल और सुरक्षा भी दिया जाए। पराड़कर भवन में बैठक के बाद प्रेसवार्ता में हरिशंकर ने कहा कि शासन ने यदि मांगें नहीं मानी तो आंदोलन किया जाएगा।
अध्यक्ष ने कहा कि न्यायालय के बाहर सुरक्षा गार्डों की तैनाती, मेटल डिटेक्टर, स्कैनिंग मशीन और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाना जरूरी है। कहा कि जैसे सरकार के हर विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को ग्रीष्मावकाश दिया जाता है वैसे ही अधिवक्ता समाज को भी ग्रीष्मावकाश मिलना चाहिए। इसके लिए वह उच्च न्यायालय से मांग करते हैं कि 20 से 30 जून तक न्यायालय में अवकाश घोषित किया जाए। जिससे कि अधिवक्ता समाज भी अपने परिवार और अपने बच्चों को समय दे सकें।