वाराणसी। जोन के दस जिलों में सिपाही से लेकर अधिकारियों तक की जवाबदेही तय की जाएगी। गड़बड़ी होने पर सिर्फ सिपाही, दरोगा या इंस्पेक्टर ही कार्रवाई की जद में नहीं आएंगे। यह बातें नवागत एडीजी ब्रज भूषण ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपने कार्यालय में पत्रकारों से कहीं।
उन्होंने कहा कि बनारस की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए सभी विभागों से समन्वय बनाकर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आमजन की शिकायतें थानों और चौकियों पर सुनी जाएं और उनका सही तरीके से समाधान हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मथुरा के मूल निवासी और आईआईटी नई दिल्ली के छात्र रहे 1991 बैच के आईपीएस ब्रज भूषण इससे पहले बनारस में आईजी जोन और एसएसपी के तौर पर तैनात रह चुके हैं।
उन्होंने कहा कि काशी धर्म, कला, संस्कृति और पर्यटन के लिहाज से प्रदेश का महत्वपूर्ण शहर है। यहां रोजाना दुनिया भर के श्रद्धालुओं और सैलानियों की आवाजाही लगी रहती है। उनकी सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करना हमारी शीर्ष प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने कहा कि बड़ी वारदातों के पीछे अहम वजह छोटी घटनाएं होती हैं, समय रहते विवाद के ऐसे बिंदुओं को चिह्नित कर उनका समाधान कराने पर फोकस होगा। कानून व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के साथ ही आमजन के प्रति पुलिस का व्यवहार अच्छा होना चाहिए। आमजन और पुलिस के बीच अच्छा तालमेल हो, इसके लिए काम किया जाएगा। महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराध को लेकर पुलिस की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान आईजी रेंज विजय सिंह मीना और एसएसपी आनंद कुलकर्णी मौजूद रहे। इससे पहले एडीजी जोन ने काशी विश्वनाथ मंदिर, कालभैरव मंदिर और संकटमोचन मंदिर में दर्शन-पूजन किया।