वाराणसी। काशी के एक ओर गंगा तो दूसरी ओर वरुणा और असि नदी है। इसके बाद भी काशी के पक्के महाल क्षेत्र और पुराने मोहल्ले पानी के लिए परेशान हैं। गर्मी में यह समस्या ज्यादा विकराल हो जाती है। लोग पानी के लिए बर्तन लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों पर कोई असर नहीं हो रहा है।
दरअसल इन क्षेत्रों में पानी का अभाव कम अधिकारियों की अनदेखी ज्यादा है। मसलन चौहट्टा में जलस्तर गिर गया है, केवल पाइप लाइन को थोड़ा और नीचे ले जाकर पानी की कमी खत्म की जा सकती है, लेकिन कई बार इस समस्या को उठाए जाने के बावजूद इस दिशा में कोई कार्य नहीं हो रहा है। गर्मी में पानी के लिए लोग रात भर जाग रहे हैं। विभागों ने इस समस्या से निपटने के लिए कोई प्लानिंग नहीं की। इसलिए हर साल गर्मी में जनता त्राहिमाम करने लगती है।