सेवापुरी (वाराणसी)। कपसेठी थाना अंतर्गत सकलपुर गांव के समीप सोमवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे की मुठिया से वार कर सराफा कारोबारी कमलेश सेठ से 250 ग्राम सोने के आभूषण और 20 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायल कारोबारी को अस्पताल ले गई। देर रात तक घटनास्थल पर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही।
सकलपुर निवासी कमलेश सेठ की कपसेठी बाजार में आभूषण की दुकान है। कमलेश के अनुसार वो दुकान बंद कर रात 11 बजे के लगभग बाइक से घर के लिए निकले थे। घर से लगभग 500 मीटर पहले स्थित हाट मिक्स प्लांट के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवर टेक कर उनकी बाइक को रोक लिया। इसके बाद तमंचे की मुठिया से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उनके पास से 250 ग्राम सोने के जेवर और 20 हजार रुपये छीन लिए। कमलेश की चीख सुन कर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले। ग्रामीणों ने घटना की सूचना 100 नंबर पर दी तो पुलिस पहुंची और कमलेश को क्षेत्र के एक निजी अस्पताल ले गई। सीओ बड़ागांव अर्जुन सिंह ने बताया कि वारदात की सूचना मिली है। जांच शुरू करने के साथ ही बदमाशों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में चेकिंग कराई जा रही है।