वाराणसी। सांस्कृतिक नगरी काशी 18 जुलाई से सीधे मलयेशिया से जुड़ जाएगी। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से क्वालालंपुर (मलेशिया) के लिए विमान सेवा शुरू होने जा रही है। बुकिंग भी शुरू हो गई है। मालिंडो एयर की यह विमान सेवा शुरू होने से बाली और आस्ट्रेलिया की दूरी भी कम हो जाएगी।
मालिंडो एयरलाइंस का विमान वाराणसी-मलयेशिया के बीच सप्ताह में तीन दिन उड़ान भरेगा। विमान का संचालन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को होगा। मलयेशिया से उड़ान भरकर विमान रात 9:10 बजे वाराणसी पहुंचेगा। 10:10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा और सुबह साढ़े पांच बजे (स्थानीय समय के अनुसार) मलयेशिया पहुंचेगा। 180 सीटर विमान में बिजनेस क्लास की भी सुविधा होगी। यात्रियों के अप डाउन का बेस फेयर 15 हजार हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन पदाधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मलयेशिया से बड़ी संख्या में हिंदू और बौद्ध पर्यटक काशी आते हैं। यहां से भी बड़ी संख्या में पर्यटक मलयेशिया व बाली जाते हैं। इस विमान सेवा के शुरू होने से पर्यटकों का समय और पैसे दोनों बचेंगे। अभी तक मलयेशिया जाने के लिए लोगों को मुंबई या दिल्ली होकर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसा दोनों ज्यादा खर्च करने पड़ते थे।