वाराणसी। बीएचयू सेंट्रल लाइब्रेरी में गुरुवार सुबह सीट पर बैठने को लेकर छात्रों के बीच मारपीट हो गई। सुबह करीब 10:30 बजे हुई घटना से यहां अफरा-तफरी मची रही। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने किसी तरह मामला शांत कराया। घटना के बाद यहां दो पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए, जिससे कि कोई घटना दोबारा न हो।
सेंट्रल लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए हर दिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा आते हैं। गुरुवार सुबह यहां इतनी भीड़ हो गई थी कि छात्रों को अंदर जाने के लिए लाइन लगानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक यहां करीब 400 छात्रों के बैठने की व्यवस्था है और हर दिन यहां इससे अधिक छात्र पहुंच जा रहे हैं। सुबह अंदर जाकर सीट पर बैठने को लेकर पहले दो छात्रों में नोकझोंक हुई, बाद में बात हाथापाई तक पहुंच गई।
इस बीच किसी ने चीफ प्रॉक्टर आफिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मामला शांत कराने के साथ ही यहां पुलिस की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कराकर उन्हें अंदर भेजा गया। इस बारे में पूछे जाने पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. ओपी राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद तुरंत बोर्ड के सदस्यों को भेजकर शांत कराया गया। मामले की जांच कराई जा रही हैं, आखिर इस तरह की स्थिति आई ही क्यों।