वाराणसी। काशी विश्वनाथ विशेष प्राधिकरण ट्रस्ट की ओर से लाहौरी टोला, सरस्वती फाटक और नीलकंठ की तरफ से आवागमन अचानक रोक दिया गया और सभी दरवाजों पर ताला डाल दिया गया। इससे आसपास के मोहल्ले वाले परेशान हैं।
काशी विश्वनाथ धाम से गुजरने वाले रास्ते पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि धाम में जगह-जगह निर्माण कार्य के लिए बनाए गए गढ्ढे और मलबा होने के कारण स्थिति खतरनाक हो गई है। इसे ध्यान में रखते हुए मार्ग बंद किए गए हैं। इसके अलावा धाम के मंदिरों में चोरी की घटनाएं भी इसका कारण हैं। बैरिकेडिंग होने के कारण धाम क्षेत्र में अब कोई प्रवेश नहीं कर सकेगा। हालांकि ट्रस्ट की तरफ से यह नहीं बताया गया है कि रास्ते स्थायी तौर पर बंद किए गए हैं या अस्थायी।
वहीं, ट्रस्ट के इस फैसले से इन रास्तों का इस्तेमाल कर रहे लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि मंदिर प्रशासन ने दशाश्वमेध से चौक जाने वाले सार्वजनिक मार्ग को भी मलबा गिरा कर पाट दिया है, लिहाजा वह रास्ता भी बंद है। मंदिर के सीईओ व वाराणसी विकास प्राधिकरण के सचिव विशाल सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।