हरहुआ। बड़ागांव थानाक्षेत्र के चंगवार गांव के बारह झाड़ियों में शनिवार की भोर एक किसान गंभीर हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर बाबतपुर स्थित निजी चिकित्सालय गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बड़ागांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान के शरीर पर चोट के कई निशान थे। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
चंगवार गांव के किसान अशोक कुमार पांडेय उर्फ गुड्डू (35) नशे का आदि था। इसके चलते उसकी पत्नी अपने 10 वर्षीय पुत्री के साथ पिछले कई वर्षों से मायके में रह रही है। घर से कुछ दूरी पर अशोक अपने निजी नलकूप पर रहता था। शुक्रवार की रात अशोक न घर गया और न ही अपने नलकूप पर पहुंचा। शनिवार की सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने झाड़ी में कराहने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो अशोक गंभीर हालत में पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि उसे मरा समझकर झाड़ी में छोड़ कर चले गए थे। बड़ागांव इंस्पेक्टर ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। ऐसी गंभीर चोट नहीं नजर आ रही, जिससे मौत हो जाए। मौत की दूसरी वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। बड़े भाई शिवप्रकाश ने हत्या की आशंका जताई है।