वाराणसी। लक्सा थाना अंतर्गत सूरजकुंड स्थित होटल हाउस ऑफ जिप्सी हॉस्टल के दूसरे तल पर स्थित कमरा नंबर 203 में गुरुवार की दोपहर आग लग गई। धुआं उठते और आग की लपटों को विकराल होते देख होटल में ठहरे देशी और विदेशी सैलानियों में भगदड़ मच गई। आननफानन में होटल स्टाफ ने सभी को बाहर निकाला और आग बुझाना शुरू किया। सूचना पाकर दमकल की दो बड़ी व दो छोटी गाड़ी पहुंची और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अग्निशमन विभाग के अनुसार शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी। आग लगने के कारण हजारों रुपये का नुकसान बताया गया है।
सूरजकुंड स्थित चार मंजिला होटल हाउस ऑफ जिप्सी हॉस्टल के दूसरे तल पर कमरा नंबर 203 है। यह कमरा सामान रखने के लिए इस्तेमाल होता है। दोपहर 2:30 बजे के लगभग कमरे की खिड़की से धुआं बाहर निकलते देख आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। आननफानन में होटल में मौजूद तीन विदेशी और 13 देशी सैलानियों को बाहर निकालने के साथ ही विद्युत आपूर्ति बंद की गई। इस बीच आग दूसरे तल से तीसरे तल की ओर बढ़ने लगी थी और धुआं अगलबगल के मकानों में प्रवेश कर रहा था। सूचना पाकर चीफ फायर आफीसर अनिमेष सिंह मौके पर पहुंचे और सहकर्मियों के साथ आग बुझाना शुरू किया। इस दौरान दो लोग होटल में फंसे थे, उन्हें अग्निशमन विभाग ने सांस लेने का यंत्र पहना कर बाहर निकाला। होटल मैनेजर राहुल सिंह के अनुसार आग लगने के कारण होटल की वायरिंग, बेड, इनवर्टर सहित हजारों रुपये मूल्य के अन्य सामान जल गए हैं।
संकरी गली में होटल, प्रबंधन से मांगेंगे जवाब
चीफ फायर आफीसर अनिमेष सिंह ने बताया कि रिहायशी इलाके में संकरी गली में संचालित हो रहे होटल का पंजीकरण है या नहीं, यह जांच का विषय है। होटल में आग से सुरक्षा के क्या उपाय हैं और बाहर निकलने की क्या व्यवस्था है, इस संबंध में नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा और हमारी टीम भौतिक सत्यापन भी करेगी। होटल प्रबंधन को कहा गया है कि जब तक वायरिंग पूरी तरह से बदल न दी जाए तब तक विद्युत आपूर्ति शुरू न की जाए।
सहमे नजर आए विदेशी सैलानी
होटल में आग लगने पर बाहर निकाले गए विदेशी सैलानी सहमे नजर आए। आग लगने की वजह क्षेत्र में मची अफरातफरी और आग बुझाने में हो रही देरी को लेकर हतप्रभ थे। इस दौरान मौके से गुजरने वाले विदेशी सैलानी भी आग लगने की घटना देख होटल के सामने रुक गए थे। विदेशी सैलानियों के अनुसार उनके यहां के होटलों में आग बुझाने की इतनी व्यवस्था रहती है कि सामान्य तौर पर अग्निशमन विभाग को नहीं बुलाना पड़ता है।
पैथालॉजी सेंटर में आग लगी, लाखों का नुकसान
लंका थाना अंतर्गत माधव मार्केट स्थित आयुषी पैथालॉजी सेंटर में शुक्रवार की भोर में आग लग गई। आग लगने के कारण दूसरे तल पर रखी लाखों रुपये की कीमती मशीनें जल गईं। सूचना पाकर दमकल की तीन गाड़ियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह शार्ट सर्र्किट बताई गई है। पैथालॉजी संचालक डॉ. आरपी सिंह के अनुसार लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर, दमकल कर्मियों ने बताया कि पैथालॉजी के कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। पैथालॉजी की ओर जाने वाला मार्ग थोड़ा संकरा होने के कारण दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में भी असुविधा हुई।