वाराणसी। देश-विदेश में नारी सशक्तीकरण का संदेश देने सूरत से वाराणसी आई बाइकिंग क्वीन की तिकड़ी मंगलवार को भारत माता मंदिर पहुंची। इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक किया, फिर वो रामनगर लाल बहादुर शास्त्री के स्मारक पहुंची और शाम को दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखने के बाद अस्सी घाट गई।
रथयात्रा स्थित कन्हाई लाल स्मृति भवन में बाइकिंग क्वीन की संस्थापक डॉ. सारिका मेहता ने बताया बुधवार को वो अपनी दो साथियों जिनल शाह और रुताली पटेल के साथ बाइक से लंदन के लिए निकलेंगी। सारिका क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट, जिनल हाउस वाइफ और रुताली एमबीए स्टूडेंट हैं। इनकी यात्रा करीब तीन महीने तक चलेगी जिसमें वो 25 देशों से गुजरते हुए 25000 किमी की दूरी तय करेंगी।
यात्रा नेपाल, भूटान, म्यांमार, लाओस, चीन, किर्गिस्तान, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, रूस, लटविया, लिथ्वेनिया, पोलैंड, चेक रिपब्लिक, जर्मनी, आस्ट्रिया, स्विटजरलैंड, फ्रांस, नीदरलैंड, बेल्जियम, स्पेन व मोरक्को होते हुए यूनाइटेड किंगडम पहुंचकर संपन्न होगी। इस बीच टीम 15 अगस्त को स्पेन में तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाएगी।
इसके पहले बाइकिंग क्वीन एशिया के 10 देशों और 2017 में पूरे भारत की यात्रा बाइक से कर चुकी हैं। जिसमें उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के मुद्दे पर जागरूकता फैलाने का काम किया। 25 देशों की यात्रा पर जाने की शुरुआत बुधवार को लंका पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव हरी झंडी दिखाकर करेंगे।