वाराणसी। सूरत के कोचिंग संस्थान में आग की घटना के बाद अब जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों की जांच कराई जाएगी। डीएम के निर्देश पर डीआईओएस ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय से कोचिंग संस्थानों की सूची मांगी है। इसके बाद एक-एक कर संस्थानों का निरीक्षण कर अग्निशमन व्यवस्था का मूल्यांकन किया जाएगा।
सूरत हादसे के बाद कोचिंग संस्थानों में आग लगने जैसी घटना होने पर बचाव के लिए बरती जाने वाली सावधानियों पर काम शुरू हो गया है। इसी क्रम में बनारस में भी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा उपाय जांचे जाएंगे। अग्निशमन विभाग के अनुसार, जिले के किसी भी कोचिंग संस्थान द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं लिया गया है। इन संस्थानों में आग से निपटने के कोई खास इंतजाम भी नहीं है। अब जिलाधिकारी ने नए सिरे से अग्नि सुरक्षा उपायों की जांच कराने का निर्णय लिया है। डीआईओएस डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय से सूची आने के बाद जांच के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। जिलाधिकारी के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।