चौबेपुर। मंगरहुआ में सोमवार आधी रात संदिग्ध हाल में गोली लगने से घायल रविकांत यादव उर्फ सुजीत (23) के पिता भैयालाल यादव की तहरीर पर गांव के ही दो लोगों के खिलाफ चौबेपुर थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात की वजह पुरानी रंजिश बताई गई है। वहीं पुलिस घटना को संदिग्ध मान कर जांच कर रही है।
सारनाथ थाना अंतर्गत छाहीं गांव निवासी एमकॉम का छात्र रविकांत अपने दोस्त अनिल यादव के साथ मुनारी की ओर बारात में गया था। रविकांत के अनुसार, वह और अनिल बाइक से घर लौट रहे थे। मंगरहुआ गांव में बाइक सवार दो लोगों ने तमंचे से फायरिंग की। गोली रविंकात के कमर में दाईं ओर लगी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष सारनाथ ने रविकांत को अस्पताल में भर्ती कराया। रविकांत के पिता भैयालाल यादव की तहरीर पर छाहीं निवासी रमेश यादव उर्फ भोनू और हीरू के खिलाफ चौबेपुर थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष चौबेपुर ने बताया कि घटनास्थल और घटना को लेकर रविकांत और उसके दोस्त के बयान में विरोधाभास है। गोली लगने के बाद दोनों मंगरहुआ से अपने घर क्यों गए, यह समझ से परे है। फिलहाल, मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है। सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।