वाराणसी। दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे घोसी लोकसभा के नवनिर्वाचित सांसद अतुल राय ने मंगलवार को अदालत में समर्पण नहीं किया। इस संबंध में लंका थाने से मांगी गई आख्या अदालत में दाखिल कर दी गई है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम आशुतोष तिवारी की अदालत में आख्या दाखिल होने के बाद अतुल राय के अधिवक्ता अनुज यादव ने आवेदन देकर कहा कि दुष्कर्म के आरोप में दर्ज मुकदमे में लंका थाने से आख्या आ गई है। ऐसे में आरोपी अतुल को अदालत में समर्पण करने के लिए पत्रावली में नियत तिथि चार जून को पेश होने की अनुमति दी जाए। अदालत ने आवेदन पर सुनवाई करते हुए अतुल राय को अदालत के समक्ष समर्पण करने के लिए एक जून की तिथि नियत की है। अदालत ने इस मामले में अपने कार्यालय को भी उक्त तिथि पर पत्रावली समेत अन्य संबंधित दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया है। बीती एक मई को लंका थाने में यूपी कॉलेज की पूर्व छात्रा ने अतुल राय पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।