वाराणसी। बीएचयू में स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए चल रही प्रवेश परीक्षा में सोमवार को नौ पाठयक्रमों की परीक्षा में पंजीकृत 20 हजार में से 16 हजार ने परीक्षा दी। बनारस में बने 12 केंद्रों समेत देश के 130 केंद्रों पर हुई परीक्षा में सबसे अधिक एमए/एमएससी मैथमेटिक्स में 5006 और एमकॉम में 4800 और एमए, एमएससी जियोग्राफी में 3284 पंजीकृत थे।
विश्वविद्यालय में 14 मई से कराई जा रही प्रवेश परीक्षा में स्नातक की परीक्षा 18 मई को खत्म हो चुकी है, अब 24 मई तक स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा चल रही है। खास बात यह है कि स्नातकोत्तर की परीक्षाएं विश्वविद्यालय परिसर के बाहर ऑनलाइन कराई जा रही हैं। परीक्षा नियंता मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि स्नातकोत्तर के 15 पाठयक्रमों की परीक्षा कराई जाएगी।
बीएचयू में 16 मई को कराई गई प्रवेश परीक्षा पर सवाल उठाते हुए एक छात्र ने इसकी शिकायत मानव संसाधन विकास मंत्रालय से की है। अपने पत्र में छात्र ने 16 मई को हुए कला एवं मानविकी संकाय से जुड़ी प्रवेश परीक्षा के लिए जारी अधिसूचना में परीक्षा के पैटर्न में बदलाव करने का जिक्र किया है। इसमें सामान्य अध्ययन, मानसिक योग्यता एवं गणित, हिंदी और अंग्रेजी के सवालों की बात कही गई। लेकिन इसमें मानविकी के विषयों का जिक्र तक नहीं हुआ जबकि यह परीक्षा उन्हीं विषयों के अध्ययन के लिए था। छात्र ने पीएमओ, राष्ट्रपति भवन, वीसी कार्यालय को ट्वीट करके भी जानकारी दी है।