वाराणसी। लोकसभा चुनाव में 2014 के मुकाबले इस बार 1.36 फीसदी कम मतदान हुआ है। पांच साल पहले 58.33 फीसदी मतदान हुआ था, जबकि इस बार वाराणसी संसदीय सीट पर 56.97 फीसदी मतदान हुआ है। मत प्रतिशत घटने का एक कारण महिलाओं का मतदान के प्रति रुझान कम होना भी है। वाराणसी लोकसभा की पांचों की विधानसभाओं में पुरुषों का मत प्रतिशत महिलाओं से ज्यादा है। इसके अलावा 2014 के मुकाबले महिलाओं का मत प्रतिशत कम है।
वाराणसी संसदीय सीट के 18 लाख 54 हजार 541 मतदाताओं में से 10 लाख 28 हजार 61 ने मतदान किया। पुरुषों का 59.06 फीसदी और महिलाओं का मतदान 54.39 फीसदी रहा। सेवापुरी विधानसभा में सबसे ज्यादा 63.39 फीसदी और सबसे कम कैंट में 52.42 फीसदी मतदान हुआ। उत्तरी में 54.71, दक्षिणी में 58.16 और रोहनिया में 58.12 फीसदी मतदान हुआ। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वाराणसी संसदीय सीट पर 56.97 फीसदी मतदान हुआ। सभी ईवीएम कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। 23 मई को मतों की गणना होगी।
वाराणसी संसदीय सीट पर महिलाओं का मतदान पुरुषों की अपेक्षा कम होने के साथ ही पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मुकाबले भी कम रहा है। वाराणसी उत्तरी में 57.82 प्रतिशत पुरुष और 50.90 फीसदी महिला, दक्षिणी में 62.58 प्रतिशत पुरुष और 52.63 फीसदी महिला, कैंट में 54.74 फीसदी पुरुष और 49.55 प्रतिशत महिला, रोहनिया में 59.11 फीसदी पुरुष और 56.87 प्रतिशत महिला, सेवापुरी में 63.05 प्रतिशत पुरुष और महिलाओं का मतदान प्रतिशत 63.80 फीसदी रहा। सेवापुरी के मतदाताओं ने न सिर्फ सर्वाधिक मतदान किया है, बल्कि यहां की महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ दिया है। 2014 में महिला मतदान 55.76 और 2017 में 59.65 फीसदी था। इस बार महिलाओं का मतदान फीसदी 54.39 रहा।