वाराणसी। दशाश्वमेध घाट पर मंगलवार को माहौल तब और रंग-बिरंगा हो गया, जब अबीर गुलाल के साथ ही कलाकारों की टोली ने एक से बढ़कर एक फाग गीत प्रस्तुत किए। होलियाना गीतों में राजनीति और देशभक्ति के रंग भी खूब छलके।
गीतकार कन्हैया दूबे के संयोजन में कलाकारों ने भगवान शिव की होली और बरसाने की होली का बखान करते हुए प्रस्तुतियों की शुरुआत की। इसके बाद राजनीति पर भी सुरों के माध्यम से तंज कसे। कलाकार डॉ. अमलेश शुक्ल अमन ने राजनीति के चट्टा-बट्टा बुआ और भतीजा, ठगबंधन की टोली आई मोदी जी के द्वारे, इमरान तू पहन ले चूड़ी और संग सलवार, लालू के लगा के ललका समेत कई अन्य गीत गाए। स्नेहा अवस्थी ने झूठा वादा तुम करते हो तुम जुमलेबाज, वीर शहीदों की माता ने खाई थी कसम, होलिका में आतंकी सारे कर दूंगी भसम गीत प्रस्तुत किए। भांग पीसते प्रभाकर यादव तो जुगनू और आशीष ठंडई छानते नजर आए। तबले पर दीपक सिंह व सुधांशु, ढोलक पर नसीम, हारमोनियम पर रवि रंजन ने संगत की।