वाराणसी। पुलवामा आतंकी हमले के प्रति लोगों को गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। उस घटना के विरोध में सोमवार को भी जगह-जगह धरना प्रदर्शन किया गया।
भारतीय मजदूर संघ की जिला कार्यकारिणी तथा उससे संबद्ध अन्य श्रमिक संगठनों की ओर से सोमवार को रोष प्रदर्शन किया गया। पिशाचमोचन स्थित जिला कार्यालय से लहुराबीर चौराहे तक हुए प्रदर्शन में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाये गए। उसके बाद चौराहे पर एक शोक सभा कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। वाराणसी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की ओर से महेशपुर में शोक सभा हुई। चांदपुर चौराहे से लहरतारा तक मार्च किया गया और पाकिस्तान के पीएम इमरान खान का पुतला फूंका गया। भेलूपुर स्थित जिम के युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला। भेलूपुर से दुर्गाकुंड तक निकले इस मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल रहे। इसी क्रम में पहड़िया मंडी के फल व्यापारियों ने भी कैंडल मार्च निकाल कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।।
धारा 370 समाप्त करने की उठाई मांग
पुलवामा की घटना को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से सोमवार को रथयात्रा पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान ‘मोदी जी धारा 370 को समाप्त करें, अगली जीत निश्चित करें’ के नारे गूंजे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संगठन के महानगर अध्यक्ष राकेश जैन व रामनगर इंडस्ट्रीज एरिया के अध्यक्ष शेषपाल गर्ग ने शहीदों के परिजनों को आर्थिक मदद का वादा किया। इसमें संजय जायसवाल, राकेश गुप्ता, चंदन सोनी, सूरज कुशवाहा, रवि जायसवाल, राजेश यादव आदि शामिल रहे।
शहीद अवधेश के परिजनों को मदद का आश्वासन
कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को चंदौली के शहीद जवान अवधेश कुमार यादव के परिजनों से मुलाकात की। पूर्व विधायक अजय राय और जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल बहादुरपुर गांव पहुंचा। शहीद जवान के परिजनों को उन्होंने सांत्वना दी और भविष्य में किसी भी जरूरत पर मदद का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रभुनाथ पांडेय, रामनगर चेयरमैन रेखा शर्मा, चंद्रभाल प्रताप सिंह, देवेंद्र सिंह, राघवेंद्र चौबे, ओम प्रकाश ओझा, रवि दूबे, डॉ. सुल्तान खां, सुनील राय, जावेद अहमद, विपिन सिंह आदि शामिल थे ।
शिक्षक संघ शहीद जवान के परिवार को देगा आर्थिक मदद
उदय प्रताप महाविद्यालय के शिक्षक संघ की कार्यकारिणी ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकारिणी में शहीद जवान रमेश यादव के परिवार को आर्थिक सहायता के लिए सहयोग राशि इकट्ठा करने पर सहमति बनी। यह जानकारी अध्यक्ष डॉ. शशिकांत द्विवेदी और मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने दी। इसी तरह उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सनत कुमार सिंह की अध्यक्षता में बीआरसी केशरीपुर में हुई बैठक में शिक्षकों ने शहीद जवानों के परिजनों को आर्थिक सहयोग का निर्णय लिया। इस दौरान कुछ सदस्यों ने आर्थिक सहयोग भी दिया।
गंगा सेवा निधि से की जाएगी शहीद जवानों के परिवारों की मदद
दशाश्वमेघ घाट पर होने वाली प्रसिद्ध गंगा आरती के आयोजकों ने पुलवामा हमले में शहीद सीआरपीएफ के जवानों के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। इसके तहत गंगा सेवा निधि में श्रद्धालुओं के योगदान से जो भी राशि इकट्ठा होगी, वह सीआरपीएफ के एकाउंट में भेजी जाएगी, जिसका उपयोग शहीद जवानों के परिजनों के लिए किया जाएगा। इस दौरान सीआरपीएफ के जवानों ने गंगा आरती में शामिल होकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भी दी।