वाराणसी। भेलूपुर थाना अंतर्गत ककरमत्ता क्षेत्र की श्यामा नगर कालोनी में जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर जमकर हंगामा हुआ। एक पक्ष का आरोप है कि इंस्पेक्टर चेतगंज अपने रिश्तेदार के लिए जबरन जमीन कब्जा करा कर निर्माण कार्य करा रहे हैं। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना था कि जमीन के असली मालिक वही हैं। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया तो निर्माण कार्य रुकवा दिया गया और राजस्व विभाग की मदद से समस्या का समाधान कराने की बात कही गई। इस दौरान मौके पर तमाशबीनों की खासी भीड़ उमड़ी हुई थी।
बिहार के भभुआ निवासी रेलवे के इंजीनियर काशीनाथ पांडेय के बेटे प्रभात के अनुसार उनकी मां विमला देवी के नाम से जनवरी 2017 में जमीन खरीदी गई थी। बाउंड्रीवाल और एक कमरा बनवा कर जमीन को छोड़ दिया गया था। इसी बीच इंस्पेक्टर चेतगंज अजित मिश्रा के रिश्तेदार ने फर्जी तरीके से जमीन अपने नाम लिखवा कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। प्रभात का आरोप है कि निर्माण कार्य का विरोध किया गया तो उनकी मां की पिटाई की गई। पुलिस से शिकायत की गई तो सुनवाई नहीं हुई। इंजीनियर परिवार ने न्याय न मिलने पर आत्मदाह की धमकी दी है।
उधर, दूसरे पक्ष के बिहार के चंपारन निवासी सौरभ कुमार मिश्रा के अनुसार जमीन उनकी है और इससे संबंधित पूरे कागजात हैं। वो अप्रैल 2018 से निर्माण कार्य करा रहे हैं। विमला देवी ने आपत्ति जताई तो बीते 28 जनवरी को अदालत में याचिका दाखिल की गई थी। अदालत ने कोई ऐसा आदेश नहीं दिया है कि निर्माण कार्य रोका जाए। इंस्पेक्टर चेतगंज ने बताया कि जमीन उनके रिश्तेदार की है और उनसे कोई लेनादेना नहीं है। इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष जमीन पर अपना हक बता रहे हैं। इस वजह से निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। सीओ भेलूपुर को कहा गया है कि राजस्व विभाग की मदद से पड़ताल करा कर समस्या का समाधान कराएं।