वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृति विश्वविद्यालय में आंदोलन कर रहे छात्रों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। शनिवार को पुलिस टीम सीसटीवी और लोगों सेमोबाइल की वीडियो फुटेज और फोटो लेकर अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी रही। वहीं शनिवार को कुलपति ने परिसर और छात्रावासों का निरीक्षण भी किया
पुलिस ने तीन नामजद सहित कई अन्य आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई थी। इस पर पुलिस ने तीनों को पकड़कर जेल भेज दिया। इसके बाद अन्य छात्र अराजक हुए तो पुलिस ने बल पूर्वक उनको खदेड़कर स्थिति को सामान्य करवाया। शुक्रवार को भी परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस तैनात रही। शनिवार से विश्वविद्यालय में पठन पाठन शुरू हो गया। जांच करने पहुंचे नाटी इमली के चौकी इंचार्ज ने चीफ प्रॉक्टर आशुतोष मिश्रा सहित कई अधिकारियों से मिलकर कागजी कार्रवाई की। वहीं घटना के दौरान चश्मदीद लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि परिसर में सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और वज्र वाहन तैनात है। मामला पूरी तरह से शांत हो गया है। एहतियातन पुलिस को भवन के बाहर रखा गया है।
कुलपति ने परिसर में किया दौरा
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजाराम शुक्ला ने शनिवार को केन्द्रीय कार्यालय, सभी कक्षाएं और परिसर के अलावा नवीन छात्रावास सहित अन्य छात्रावासों का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों और वार्डेन के अलावा प्रोफेसरों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।