भदोही। नगर पालिका परिषद से स्टेशन रोड राजकीयव् महाराजा बलवंत सिंह चिकित्सालय परिसर में बनवाया जा रहा सार्वजनिक शौचालय बनने से पूर्व ही रोक दिया गया है। दरअसल अस्पताल से हरी झंडी मिलने के बाद पालिका ने वहां निर्माण कार्य शुरू करा दिया और काफी काम हो जाने के बाद अस्पताल के सीएमएस ने यह कहकर निर्माण कार्य रोकवा दिया कि यह स्थान अस्पताल का स्वतंत्र फीडर स्थापित करने के लिए आरक्षित है। अब शौचालय अस्पताल परिसर में ही दूसरे स्थान पर बनाया जाएगा। नगर पालिका से 20 लाख की लागत से शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। नींव भरने के बाद ठेकेदार चहारदीवारी का निर्माण करा रहा था कि बुधवार को सीएमएस डॉ. जयनरेश ने काम रोकने का आग्रह किया। इस पर नगर पालिका चेयरमैन अशोक कुामर जायसवाल ने रोकवा दिया। इस बाबत पालिकाध्यक्ष ने बताया कि अधीक्षक ने कहा कि उक्त स्थल को राजकीय अस्पताल के स्वतंत्र फीडर स्थापना के लिए छोड़ा गया है। उन्होंने अस्पताल परिसर में ही दूसरी जगह शौचालय निर्माण के लिए दी है। अब नए स्थान पर शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इस बीच सीएमएस ने बताया कि स्वतंत्र फीडर से अस्पताल को 24 घंटे आपूर्ति संभव हो सकेगी तो शौचालय भी यहां आने वाले मरीजों के लिए आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शौचालय के लिए दूसरी जमीन मुहैया कराई गई है।