ज्ञानपुर। ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र ने बृहस्पतिवार को सदन में पर्यावरण संरक्षण और पिछड़े व अति पिछड़े समाज के हित में आवाज उठाई। उन्होंने सरकार से पॉलिथीन पर प्रतिबंध को पूरी तरह से प्रभावी बनाने, 17 अति पिछड़ी जातियों को एससी में शामिल करने और प्रजापति समाज को अनुदान पर ऑटोमैटिक मशीन देने की मांग की। विधानसभा सत्र के दौरान बोलने का मौका मिला तो ज्ञानपुर विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लॉस्टिक बैन किया गया है, लेकिन अब भी उसकी बिक्री हो रही है। इस पर सख्ती करें, जिससे पर्यावरण संरक्षण हो सके। कहा कि बिंद, कहार, प्रजापति, बाथम समेत 17 जातियों को एससी में शामिल करने के लिए 1960 में प्रस्ताव भेजा गया था 1961 में केंद्र की मंजूरी मिल गई, लेकिन अब तक उसे प्रभावी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्लॉस्टिक बैन के बाद प्रजापति समाज को ऑटोमैटिक मशीन दी जाए, जिससे वह मिट्टी के बर्तन बनाकर अपनी आर्थिक स्थिति बेहतर कर सकें। उन्होंने बताया कि सरकार ने ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए पांच सोलर लाइट पंप स्वीकृत किया है, जो कटरा, सेमराधनाथ, रामपुर घाट, राधास्वामी धाम और केएन पीजी कॉलेज में लगाए जाएंगे।