कौलापुर। थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में यूथ ओलंपिक क्वालिफायर चैंपियनशिप में जैबलिंग खिलाड़ी विकास यादव ने कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। क्वालिफायर में जीत के साथ ही अब विकास अगस्त में होने वाले यूथ ओलंपिक में हिस्सा लेगा। खबर मिलने पर कौलापुर गांव में जश्न शुरू हो गया। सांसद आदर्श गांव कौलापुर निवासी शिक्षक जटाशंकर यादव के बेटे विकास की शिक्षा मुंबई में हो रही है। स्कूल के माध्यम से बेहतर खेल के दम पर उसने महाराष्ट्र की टीम में जगह बनाई। जैबलिंग थ्रो में अब तक प्रांतीय और नेशनल स्तर पर कई पदक जीत चुके विकास ने अब बैंकाक में अपना झंडा गाड़ दिया। वहां आयोजित एशियन जूनियर यूथ ओलंपिक क्वालिफायर चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। पदक जीतने के साथ ही विकास को अगले माह आयोजित यूथ ओलंपिक का टिकट मिल गया। यूथ ओलंपिक मे चयन होने पर उसके गांव कौलापुर में जश्न का माहौल है। सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। मौके पर कमलेश यादव, महेश यादव, रमा शंकर, संतोष, नीतेश, टप्पू यादव, धर्मेंद्र, सौरभ यादव, राज कुमार, अमित, प्रेम बहादुर आदि रहे।