वाराणसी। बेकरी उत्पाद बेचने वाले का भतीजा ही उसका हत्यारा निकला। सिगरा थाना अंतर्गत चंदुआ छित्तूपुर के घंटी मिल मार्ग पर गुरुवार की देर रात सेल्समैन नरेंद्र जायसवाल की ताबड़तोड़ चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी। गिरफ्तार भतीजे ने इसका कारण आए दिन किए जाने वाले झगड़े और बदनीयती को बताया।
परिजनों द्वारा इस घटना को दबाने, मृतक के भतीजे शुभम जायसवाल के फरार होने व मंडलीय चिकित्सालय कबीरचौरा से पुलिस को घटना की सूचना मिलने की वजह से पुलिस ने जांच का केंद्र परिवार को ही बना दिया। यह जानकारी सामने आने पर कि मृतक की संपत्ति को लेकर अपने भाइयों से कुछ विवाद भी चल रहा था। पुलिस इस दिशा में जांच में लग गई। इस दौरान शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मृतक का फरार भतीजा कहीं भागने की तैयारी में है। पुलिस ने उसे सिगरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में शुभम जायसवाल ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। शुभम ने बताया कि वह चाचा के अक्सर किए जाने वाले झगड़े और उसकी बदनीयती से त्रस्त आ गया था। क्षेत्राधिकारी चेतगंज सत्येंद्र तिवारी ने आरोपी को मीडिया के सामने पेश किया। क्षेत्राधिकारी के अनुसार भतीजी के प्रति भी नरेंद्र की नजर अच्छी नहीं थी।