वाराणसी। बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के 1973 बैच के पुरातन छात्रों का समागम संस्थान परिसर में हुआ। इस समागम में देश विदेश के पुरातन छात्र शामिल हुए और कैंपस से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। समागम में पुरातन छात्रों और शिक्षकों ने कृषि शिक्षा के प्रचार प्रसार की रणनीति पर चर्चा की। कृषि शिक्षा को स्नातक स्तर पर ही ज्यादा से ज्यादा व्यावसायिक बनाने पर जोर दिया गया ताकि वो शुरुआती दौर में ही अपने कॅरियर के लिए सही दिशा तय कर सकें। यहां पुरातन छात्रों ने वर्तमान छात्रों का पूरा सहयोग करने का वादा भी किया। पुरातन छात्रों की मदद से प्लेसमेंट सेल को और सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया गया। समागम में ये भी तय किया गया कि दिसंबर 2018 में कृषि विज्ञान संस्थान अंतरराष्ट्रीय पुरातन छात्र समागम का आयोजन करेगा ताकि देश विदेश में रहने वाले सभी पुरा छात्र एक साथ आ सकें। अध्यक्षता निदेशक प्रो. ए वैशम्पायन ने की। उन्हाेंने सभी पुरातन छात्रों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि के तौर पर पुरा छात्र डॉ. संतोष कुमार रहे जो कि वर्तमान समय में नाइजीरिया में कार्यरत हैं। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल की नई वेबसाइट लांच की गई। कार्यक्रम में प्रो. वीके चंदोला, प्रो. एपी सिंह, प्रो. के श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।