वाराणसी। डीएम पोर्टिको में केरोसिन छिड़क आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली वंदना की पढ़ाई का खर्च प्रशासन उठाएगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी पीके त्रिपाठी ने बुधवार को अपने फोन से वंदना की वार्ता डीएम योगेश्वर राम मिश्र से कराई। डीएम ने कहा कि उसकी पढ़ाई का खर्च प्रशासन देगा और उसकी हर संभव मदद की जाएगी। उसे फिलहाल सिकरौल के महिला सुधार गृह रखा गया है।
वंदना को मंगलवार को डीएम पोर्टिको से पुलिस दीनदयाल अस्पताल परिसर स्थित स्थित आशा ज्योति केंद्र ले गई थी। काउंसलिंग के बाद उसे सिकरौल के महिला सुधार गृह में रखा गया है। वंदना की जिद है कि वह जिलाधिकारी से मिले बिना घर नहीं जाएगी। डीएम बुधवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यस्त थे लिहाजा उसे आज सुधार गृह में ही रखा गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बुधवार को वंदना से खुद बात की और डीएम से भी बात कराई। इसके बाद वह संतुष्ट हुई। डीएम ने गुरुवार को वंदना से मुलाकात करने का आश्वासन दिया है। वंदना ने काउंसलिंग में यह भी बताया कि घर वाले उसकी शादी करना चाहते हैं लेकिन उसने अपने घर के हालात को देखते हुए ये तय किया कि जब तक वह अपने पैर पर खड़ी नहीं हो जाती तब तक शादी नहीं करेगी। पिता के मरने के बाद उसने जिन परिस्थितियों को झेला है वह नहीं चाहती कि कोई और झेले। बाल संरक्षण अधिकारी निरुपमा ने बताया कि उसके परिजनों को सख्त हिदायत दी गई है कि वंदना जब तक पढ़ना चाहती है उसे पढ़ने दिया जाए। उसका पढ़ाई का खर्च प्रशासन उठाएगा। वंदना ने बताया कि उसने इसके पहले पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ से बड़ालालपुर ट्रेड फैसिलिटी सेंटर में मिलने का प्रयास किया गया था लेकिन पुलिस ने नहीं मिलने दिया। कहा कि सरकार का स्लोगन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ से उसे बल मिलता है।