वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय पर लगातार पांचवें दिन बुधवार को धरना-प्रदर्शन जारी रहा। इसके चलते विश्वविद्यालय में पठन-पाठन के साथ ही प्रशासनिक काम-काज ठप है। परिसर में अलग-अलग पांच स्थानों पर धरना और नारेबाजी के बीच कुलपति को छोड़कर हर कोई अपना विरोध जता रहा है। शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र अपनी-अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे रहे।
छात्रों का एक गुट छात्र समस्याओं के समाधान के लिए धरने पर है। वहीं दूसरा गुट कुलसचिव को कार्यमुक्त करने और छात्रावास सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए मोर्चा खोले हुए है। शिक्षक इस आरोप को लेकर धरने पर हैं कि कुलपति द्वारा बिना परिनियम में संशोधन के नियुक्ति की जा रही है। कर्मचारियाें की नाराजगी वेतन का भुगतान न होने और प्रमोशन आदि में विसंगतियों को लेकर है। जबकि सोमवार से धरने पर बैठे अधिकारी व्यवस्थागत खामियों से विश्वविद्यालय का कामकाज प्रभावित होने से नाराज हैं। मुंह पर काली पट्टी लगाकर धरने पर बैठे सुरक्षाधिकारी, संपत्ति अधिकारी, संगणक प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों ने मांग की कि जल्द से जल्द परिसर का माहौल सामान्य किया जाए और इसके लिए कुलपति तत्काल कदम उठाएं।
प्रो. यदुनाथ प्रसाद दुबे, कुलपति ने बताया कि राजभवन से निर्देश मिलते ही नियुक्तियां रोक दी जाएंगी। मैंने सभी से आग्रह किया है कि विरोध प्रदर्शन बंद करें और दीक्षांत की तैयारियों में जुट जाएं।