आराजीलाइन। राजातालाब स्टेशन पर मंगलवार को दो घंटे से ज्यादा देरी तक खड़ी ज्ञानगंगा एक्सप्रेस को चलाने की मांग को लेकर यात्रियों ने जमकर बवाल काटा। स्टेशन मास्टर के कार्यालय में घुस गए, उनको बंधक बना लिया और सारा काम काज ठप कर दिया। आधे घंटे तक हंगामा चला। ट्रेन चलाए जाने के बाद यात्री शांत हुए।
हरदत्तपुर-राजातालाब रेलवे स्टेशन के बीच नॉन इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है। इसके चलते केवल एक ही लाइन पर ट्रेनों का परिचालन चल रहा है। पुणे से मंडुवाडीह आ रही ज्ञानगंगा एक्सप्रेस को स्टॉपेज न होने के बावजूद राजातालाब पर रोक दिया गया। शाम 7:10 बजे पहुंची शिवगंगा जब डेढ़ घंटे से ज्यादा खड़ी रह गई तो यात्रियों ने कारण पूछना शुरू कर दिया। आक्रोशित भीड़ स्टेशन मास्टर के कमरे में घुस गई उनसे ट्रेन न चलाए जाने का कारण पूछा। पता चला कि वाराणसी की ओर से इलाहाबाद पैसेंजर आ रही है उसके जाने के बाद एक्सप्रेस चलाई जाएगी।इसपर यात्री भड़क गए और पहले ज्ञान गंगा को चलाने की मांग करने लगे। उधर स्टेशन मास्टर आरके शर्मा पैसेंजर के आने की वजह से एक्सप्रेस को चलाए जाने में असमर्थता जता रहे थे। इसपर उन्होंने स्टेशन मास्टर को काम करने से रोक दिया। यात्रियों का तेवर देख कई कर्मचारी वहां से खिसक लिए। रात नौ बजे से आधे घंटे तक हंगामा चला। 9:30 पर ट्रेन चलाए जाने के बाद माहौल शांत हुआ। उस दौरान पत्थरबाजी की अफवाह भी स्टेशन पर उड़ी। रेलकर्मियों की मानेें तो किसी भी समय मामला बिगड़ सकता था पर सुरक्षा के कोई इंतजाम स्टेशन पर नजर नही आए।