शिवपुर। गिलट बाजार के पास लक्ष्मणपुर मोड़ से पुलिस ने मंगलवार की रात तीन चोरों को को गिरफ्तार किया। तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने दो कट्टा, तीन कारतूस, चोरी की दो इंडिगो कार, अप्पे और बोलेरो बरामद किया है। तीनों की शिनाख्त गाजीपुर के खानपुर थाना के गजाधरपुर औड़िहार निवासी मनिंदर सिंह, करंडा थाना के वासूचक निवासी पंकज यादव और पांडेयपुर, नई बस्ती के संजय कुमार सेठ के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी अंतर जनपदीय वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं।
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बुधवार को शिवपुर थाने में पत्रकारों को बताया कि मंगलवार की रात थानाध्यक्ष शिवानंद मिश्र को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी के वाहन के साथ कुछ लोग लक्ष्मणपुर मोड़ पर मौजूद हैं। इस सूचना पर थानाध्यक्ष ने अपनी टीम के साथ घेरेबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी के चार वाहन और असलहे बरामद हुए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि तीनों शहर के अलग-अलग स्थानों से चार पहिया वाहनों को चुराकर बिहार में बेचते थे। आरोपियों से पूछताछ में के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।
मरीजों का सामान चुराने वाले दो पकड़े गए
वाराणसी। सर सुंदरलाल अस्पताल, बीएचयू के इमरजेंसी वार्ड के पास बुधवार को चोरी के आरोप में दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। लंका थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि दोनों की शिनाख्त आजमगढ़ के लालगंज बाजार निवासी गोलू गुप्ता और रोहतास के चनेरी निवासी वशिष्ठ शर्मा के तौर पर हुई है। दोनोें के पास से 2500 रुपये, दो मोबाइल, सात पर्स, कई आई कार्ड, एक ब्लेड, एक पेचकश और एक उस्तरा बरामद किया गया है।