वाराणसी। छावनी परिषद की बुधवार को हुई बैठक में फुलवरिया मार्ग का मुद्दा छाया रहा। सदस्यों ने दो टूक कहा कि टू लेन मंजूर नहीं है। फोर लेन का निर्माण कराया जाए। उनका कहना था कि जब केंद्र सरकार ने फोर लेन बनाने की घोषणा की है और सेना ने जमीन भी उसी हिसाब से दी है तो अब टू लेन का प्रस्ताव किस आधार पर और क्यों बनाया गया। सदस्यों ने सर्वसम्मति से फुलवरिया टू लेन के प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
दरअसल, छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने सवाल उठाया कि फुलवरिया के लिए तैयार कराया गया प्रस्ताव टू लेन है या फोर लेन। इस पर बताया गया कि बाउंड्रीवाल पीछे होने के बाद टू लेन का प्रस्ताव बनाया गया है। सभी सदस्यों ने एकजुट होकर इसका विरोध किया और दो टूक कहा कि उन्हें यह प्रस्ताव मंजूर नही है। फोर लेन का प्रस्ताव बनाकर आएगा तभी हम अपनी सहमति देंगे। यातायात के दबाव को देखते हुए फोर लेन बनाने पर ही समस्या हल होगी। बैठक के दौरान 2017-18 का बजट भी पास हुआ, जिसमें पार्कों का सुंदरीकरण सहित अन्य सुविधाएं शामिल रहीं। बोर्ड मीटिंग शुरू होने से पहले मुख्य अधिशाषी अधिकारी राजीव कुमार, कर्नल अनिल कुमार गुप्ता, कर्नल एके अग्रवाल ने सदस्यता की शपथ ली। बैठक में छावनी परिषद के उपाध्यक्ष चंद्र केशव, संगीता यादव, राजकुमार दास, मसूदा हुसैन, शहनवाज अली आदि शामिल रहे।