मुहम्मदाबाद। सिविल बार एवं सेंट्रल बार एसोसिएशन मुहम्मदाबाद की संयुक्त बैठक बुधवार को बार भवन में हुई। इसमें अधिवक्ता की डिग्रीशुदा जमीन पर उनके पट्टीदारों द्वारा कब्जा किए जाने तथा पुलिस द्वारा इस संबंध में कोई कार्रवाई न किए जाने पर रोष व्यक्त किया गया। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए बैठक के बाद उपजिलाधिकारी का घेराव कर उन्हें मामले से अवगत कराया। उपजिलाधिकारी ने सीओ और कोतवाल को लेखपाल से संपर्क कर मौके पर जाकर मामले की जांच का आदेश दिया।
बैठक में अधिवक्ता नमोनारायण राय की डिग्रीशुदा जमीन पर उनके पट्टीदारों की तरफ से कब्जा किए जाने के मामले में कोतवाल की संदिग्ध भूमिका पर अधिवक्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की। बैठक के तत्काल बाद अधिवक्ताओं के एक दल ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सरोज का घेराव करते हुए उन्हें कब्जे के मामले से अवगत कराया। उपजिलाधिकारी ने सीओ मुहम्मदाबाद एवं कोतवाल से वार्ता कर लेखपाल के साथ पुलिस की टीम तत्काल मौके पर भेजकर डिग्री के अनुसार कब्जा हटवाने का निर्देश दिया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने अवैध निर्माण को हटवा दिया तब जाकर अधिवक्ता शांत हुए। घेराव करने वालों में आलोक कुमार राय, गुलाब यादव, जेपी राय, विजय नारायण राय, ज्ञानचंद्र राय, पप्पू श्रीवास्तव, अशोक, प्रमोद पांडेय, काशीनाथ यादव, अनुज कुमार राय आदि शामिल रहे। बैठक की अध्यक्षता सिविल बार के अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने की।