सारनाथ। बेनीपुर (अकथा) स्थित पौराणिक आंजनेय सिद्धपीठ श्री संकट हरण हनुमान मंदिर के पुजारी चंदन तिवारी (26) का शव मंगलवार की सुबह परिसर के ही प्राचीन पोखरे में उतराया मिला। गांव की महिलाएं मछलियाें को चारा खिलाने पोखरे पर पहुंची तो शव उतराया देख शोर मचाया। मुंह-नाक से खून बन रहा था और भौं के ऊपर चोट के निशान थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौके पर जुटे कुछ लोग हत्या की आशंका जाहिर कर रहे थे। उनका कहना था कि कि चंदन जैसा जिंदादिल शख्स आत्महत्या नहीं कर सकता। वहीं, चंदन के मोबाइल से उसके दोस्त के मोबाइल पर आए वाइस मैसेज के आधार पर प्रथम दृष्टया खुदकुशी की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटना की तहकीकात के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के बाद पुलिस ने जब चंदन का कमरा खंगाला तो वहां उसका यह मोबाइल मिला। चंदन के मोबाइल से पांच जून को दोपहर बाद उसके दोस्त निशांत को वाइस मैसेज किया गया था। जिसमें कहा था कि ‘मैं पूरे होशोहवास में आत्महत्या करने जा रहा हूं। मेरे कमरे का सामान मेरी बहन को दे दिया जाए।’ इस पर पुलिस ने निशांत से पूछताछ की तो उसने बताया कि चंदन का मैसेज मिलते ही वह अवाक रह गया था। उसने चंदन को कई बार फोन किया लेकिन रिसीव नहीं हुआ। कुछ देर बाद वाइस मैसेज के जरिए जवाब आया कि ‘निशांत तुम अब फोन न करो। अब काफी देर हो चुकी है। मैं अब अपनी जान दे रहा हूं। अपनी बहन को नंबर एक पर मानता हूं और तुम्हें नंबर दो पर मानता हूं। अपनी मां को प्रणाम बोल देना। टाटा, बाय, थैंक्यू...।’ निशांत ने पुलिस को बताया कि उसने सपने में नहीं सोचा था कि चंदन ऐसा कदम उठाएगा। हालांकि, आत्महत्या का क्या कारण हो सकता है यह स्पष्ट नहीं हो सका। वाइस मैसेज में आवाज चंदन की है या किसी और की, पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
चंदन मूलत: बिहार के रोहतास जिले के अकोढ़ा गांव का था। लगभग छह साल से यहां मंदिर का पुजारी था। मंदिर के प्रधान पुजारी और व्यवस्थापक बेनीपुर (अकथा) निवासी त्रिलोकी नाथ तिवारी हैं। चंदन मंदिर परिसर में ही बने कमरे में रहता था। पांच जून को बिहार स्थित रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में जाने की बात कहकर वह मंदिर से निकला था। मंदिर समिति को इसकी जानकारी दी थी। उसके आने तक मंदिर में पूजा के लिए मंदिर समिति की ओर से गाजीपुर के रेवतीपुर के नवल गांव निवासी जोखू मिश्रा को नियुक्त किया गया था। क्षेत्राधिकारी कैंट एएसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि सारनाथ पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड से जांच कराई गई है। वाइस मैसेज की जांच कराई जा रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चंदन के परिवारीजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।