मुगलसराय। अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तारनपुर गांव में गत दिनों गोली मारकर एक युवक की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को उठाकर कड़ाई से पूछताछ करने में जुटी हुई है। सूत्रों की माने तो पुलिस जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर सकती है।
बता दें कि अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत इस्लामपुर निवासी अम्मार नामक युवक की हत्या चार जून की रात लगभग दस बजे घर से कुछ ही दूरी पर तारनपुर गांव में बदमाशों ने गोली मारकर कर दी थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल 100 की पुलिस शव को उठाकर ले जाने लगी थी तब क्षेत्रवासियों ने पुलिस के वाहन को घेर कर रोक लिया और शव को अपने साथ ले गए। बाद में सीओ सदर, एसडीएम मुगलसराय पांच थानों की फोर्स सहित मृतक के घर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शव को कोतवाली ले आए। हालांकि इस दौरान पुलिस अम्मार के साथ मौजूद पप्पू नामक युवक को उठाकर अपने साथ कोतवाली ले आई थी। सूत्र बताते हैं कि हत्या के पीछे जुए के तार जुड़ने के बाद पुलिस ने अलीनगर थाना क्षेत्र में अवैध तरीके से जुए के खेल से जुड़े चार अन्य लोगों को उठा लिया है और पूछताछ करने में जुटी हुई है। सूत्रों की माने तो पुलिस हत्यारों के काफी करीब पहुंच चुकी है और जल्द ही मामले से पदा उठा सकती है।