वाराणसी। शिवपुर-फुलवरिया फोरलेन निर्माण कार्य के मद्देनजर नौ जून को रेलवे, पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम की टीम 39 जीटीसी के अधिकारियों के पास जाए। यह निर्देश मंडलायुक्त ने सोमवार को अपने अनुश्रवण कक्ष में बैठक के दौरान दिया। मंडलायुक्त ने कहा कि सेना के अधिकारियों की मौजूदगी में कैंटोनमेंट के फुलवरिया क्षेत्र की पेयजल व सीवर लाइन और बिजली के खंभों को शिफ्ट करने के लिए मुआयना किया जाए। इसके साथ ही नौ जून को सीमांकन की झंडी लगाई जाए।
मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण ने सोमवार को शिवपुर-फुलवरिया फोरलेन निर्माण कार्य की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने कहा कि फोरलेन निर्माण कार्य में किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी। एक सितंबर को इस मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास होना है इसलिए सभी बाधाएं यथाशीघ्र दूर कर ली जाएं। कहा कि रेलवे, पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम के अधिकारी सेना के अधिकारियों के समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य की राह में आ रही समस्याओं को तत्काल दूर करें।