भदोही। कालीन निर्यातक, भाजपा नेता फहद अंसारी ने सोमावर को वाराणसी में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक, अनिल कुमार से मिल कर भदोही को रात्रि कटौती से मुक्त रखने की मांग के साथ तय रोस्टर के मुताबिक विद्युत आपूर्ति करने की मांग की है। उन्होंने प्रबंध निदेशक को दिए ज्ञापन में कहा कि बिजली से हर वर्ग प्रभावित होता है। इस समय मुसलमानों का मुकद्दस रमजान भी चल रहा है। भीषण कटौती से जनजीवन प्रभावित होने के साथ कालीन उत्पादन भी प्रभावित हो रहा है। कहा कि वर्तमान में अंधाधुंध कटौती जारी है। नमाज के समय या इफ्तार और सहरी के समय भी लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है। जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भदोही तहसील को 20 घंटे आपूर्ति करने और रात्रि कटौती मुक्त रखने के आदेश हैं।
बताया कि दिन भर में दर्जनो बार आपूर्ति ट्रिप कर रही है। इसके अलावा कभी लोकल फाल्ट तो कभी ट्रांसफार्मरों की खराबी से आपूर्ति बाधित करनी पड़ रहीहै। कहा की रोस्टर के अतिरिक्त कटौती पर लगाम लगे। प्रबंध निदेशक ने समस्या के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।