सोनभद्र। सुकृत बैरियर से ओवरलोड बालू ट्रकों को पास होने के मामले में बैरियर प्रभारी गौरीशंकर त्रिपाठी को हटा दिया गया है। इससे पहले सुकृत बैरियर से ही झारखंड और मध्यप्रदेश से ट्रक पर ओवरलोड बालू का परिवहन कराने वाले 60 मोटर मालिकों को नोटिस जारी किया गया था।
बताते चलें कि जिले में हाईकोर्ट ने बालू खनन पर रोक लगाई है। बालू साइटें बंद होने के बाद सिंडिकेट बनाकर मध्यप्रदेश और झारखंड से ओवरलोड बालू का उठान शुरू करवाया। शिकायत के बाद डीएम ने एडीएम रामचंद्र को ओवरलोड वाहनों पर सख्ती बरतने को कहा था। 16 मई को एडीएम ने 21 बालू लदे ओवरलोड वाहनों को पकड़ा। बाद में एक विधायक ने सभी वाहनों को अफसरों पर दबाव बनाकर छुड़वा दिया। अमर उजाला ने इस मामले का खुलासा किया तो वाराणसी जोन के डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर डीके त्रिपाठी ने मामले की जांच मिर्जापुर आरटीओ प्रवर्तन को सौंपी। जांच के बाद एआरटीओ अवधेश कुमार ने टोल प्लाजा पर लगे सीसी टीवी के फुटेज के आधार पर 60 मोटरमालिकों को नोटिस भेजा था। जांच पड़ताल में बैरियर प्रभारी की भूमिका पाई गई। जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने बताया कि बैरियर इंचार्ज की लगातार शिकायतें मिल रही थी। उनका तबादला एटा कर दिया गया है। ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने की सख्त हिदायत दी गई है। लगातार टीम कार्रवाई कर रही है। कहा कि जिले में जल्द ही बालू खनन शुरू हो जाएगा तो आम जनता को काफी सहूलियत होगी।