जिले में यूपी बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएससीई की परीक्षा से पहले पीएम का संदेश सुनकर विद्यार्थी उत्साहित हुए। शुक्रवार को विद्यालयों में प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। इस दौरान 1.49 लाख विद्यार्थियों ने पीएम का संदेश सुना। प्रधानमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को तनाव मुक्त होकर जीवन जीने की सलाह दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि हर छात्र की अपनी अलग विशेषता होती है। उन्होंने सभी तरह के सुझावों पर फोकस करते हुए परीक्षा की तैयारी करते रहने की सलाह दी। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों ने विद्यालयों में पंजीकरण करवाया था। पीएम के संबोधन का प्रसारण सभी विद्यालयों में करवाया गया। उधर मनोवैज्ञानिक और बीएचयू अस्पताल के एआरटी सेंटर पर कार्यरत वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री का इस बार का संबोधन बहुत अलग रहा। इसमें उन्होंने परीक्षा के दौरान तनाव पर चर्चा करने के बजाय छात्रों के जीवन और विभिन्न आयामों की चर्चा के साथ संबोधन की शुरुआत की।