वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- देश में आपदा के वक्त कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को नानी याद आती हैं और वे इटली चले जाते हैं। उन्होंने आजादी के बाद महात्मा गांधी के कांग्रेस को समाप्त करने के विचार का जिक्र करते हुए कहा- कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव खुद की पार्टी को वोट कटवा कहती हैं। इस बार मतों से कांग्रेस की ऐसी धुनाई ऐसे करिए कि गांधी जी बात सही साबित हो जाए और कांग्रेस समाप्त हो जाए। उन्होंने गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा- उनके एजेंडे में विकास नहीं है, यही कारण है कि 20 वर्षों के शासन काल में प्रदेश पीछे चला गया।
रोहनिया विधानसभा के काशीपुर में शनिवार को आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा- पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मेरे लिए कहते हैं कि कंप्यूटर नहीं चलाते हैं, मैं कंप्यूटर लेकर चलता नहीं, मगर योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाकर उसके उपयोग को बताता हूं। गठबंधन का विकास से कोई मतलब नहीं है, सत्ता में आने के बाद इन्हें केवल परिवार की चिंता रहती है।
उन्होंने कांग्रेस महासचिव के वोट काटने के बयान का जिक्र कर कहा- वोट कटवा नहीं, कांग्रेस मुंह नोचवा है। पिछली सरकारों में आतंकवाद के आरोपियों के केस वापस लेने तक की चेष्टा की गई। कमजोर नेतृत्व से अलगाववाद, नक्सलवाद, आतंकवाद बढ़ता है और मजबूत नेतृत्व से देश के यश व समृद्धि में बढ़ोत्तरी होती है। उन्होंने देश के गौरव को काशी से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों का जिक्र किया। कहा- आगामी वर्षों में काशी धर्म और कर्म के साथ उपचार व व्यापार का केंद्र बनेगी। पांच साल पहले देश की छवि क्या थी और दुनिया में कैसे पहचान थी, पांच साल में पीएम मोदी ने पूरे विश्व में काशी और देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने पंचक्रोशी मार्ग के जीर्णोद्धार का भी जिक्र किया। आतंकवादी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा- पांच साल में कोई ऐसी घटना नहीं हुई। उन्होंने जनसभा में मोदी है तो मुमकिन है और एक बार फिर मोदी सरकार के नारे कई बार लगवाए। जनसभा के दौरान राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।