वाराणसी। श्री अग्रसेन कन्या पीजी कालेज बुलानाला में फिजी के प्रवासी भारतीयों का भव्य स्वागत हुआ। यूनिवर्सिटी ऑफ पैसिफिक के अर्थशास्त्र विभाग के पूर्व चेयरमैन प्रो. विमान प्रसाद और लैंग्वेज आर्ट्स एंड मीडिया के डॉ. रजनी कौशल चंद ने छात्राओं को संबोधित किया। प्रो. विमान प्रसाद ने कहा कि आज भी फिजी में भारतीय संस्कृति रची बसी है। बहुत पहले यहां से लोग मजदूर के रूप में वहां गए थे। वह अपने साथ रामायण और गीता लेकर गए। यही वजह है कि वहां भारतीय संस्कृति और सभ्यता विद्यमान है। वहां अब गिरमिटिया प्रथा पूरी तरह खत्म हो चुकी है। प्रो. रजनी कौशल ने बताया कि फिजी में 90 फीसदी महिलाएं शिक्षित हैं। विश्वविद्यालयों में उनकी भागीदारी 55 फीसदी है। कालेज के प्रबंधक अनिल कुमार जैन ने उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्राओं ने वसुधैव कुटुंबकम् पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्रवासी मेहमानों ने बनारसी जायके का भी लुत्फ उठाया। प्राचार्य डॉ. कुमकुम मालवीय ने स्वागत किया। संचालन डॉ. आभा सक्सेना, संयोजन प्रवासी प्रभारी डॉ. अनिता सिंह, डॉ. भावना शर्मा, डॉ. सुमन गौरव का रहा।