वाराणसी। पुरानी पेंशन बहाली, विभागों में रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति, वेतन विसंगति सहित अन्य मांगों को लेकर बिजली विभाग, डाकघर, बैंक, बीमा कर्मचारी, सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन सहित अन्य यूनियनों के कर्मचारी दूसरे दिन बुधवार को भी हड़ताल पर रहे। मांगें पूरी न होने के विरोध में कर्मचारियों ने कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना दिया। उधर बिजली विभाग में जहां बिजली का बिल जमा नहीं हो सका वहीं बैंकों, डाकघरों में जमा-निकासी सहित अन्य कामकाज ठप रहने से लोगों को निराश लौटना पड़ा। देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में कर्मचारी कार्यालय तो पहुंचे लेकिन कामकाज नहीं किया। इससे कार्यालयों में सन्नाटा छाया रहा। बीएसएनएल इंप्लाइज यूनियन के जिला सचिव रामबचन पाल के नेतृत्व में शिवपुरवा कार्यालय पर कर्मचारियों ने भोजनावकाश के समय प्रदर्शन कर विरोध जताया।
कई इलाकों में गुल रही बिजली
कार्य बहिष्कार के कारण हनुमान फाटक, शिवपुर, प्रेमचंद कॉलोनी, बजरंग नगर, भट्टि, लल्लापुरा, हिरामनपुर, तुलसीनगर, लेढूपुर, प्रसादपुर, दुदुलपुर, रमईपट्टी सहित विभिन्न क्षेत्रों में तार टूटने एवं अन्य फाल्ट के कारण बिजली गुल रही। कर्मचारियों के कार्यबहिष्कार के कारण इनकी मरम्मत नहीं हो पाई। कर्मचारियों का कहना था कि सिर्फ अस्पतालों की आपूर्ति बाधित होने पर ठीक किया जाएगा। लेकिन किसी कारण से बिजली खराब होती है तो उसे 10 जनवरी को ही ठीक किया जाएगा। हड़ताल की वजह से बिजली विभाग के कार्यालय खुले ही नहीं, इससे करीब पांच करोड़ रुपये की राजस्व क्षति हुई है। विरोध में विद्युत मजदूर पंचायत के प्रांतीय अतिरिक्त महामंत्री डॉ. आरबी सिंह के अलावा ओपी सिंह, विजय सिंह, अंकुर पांडेय, राघवेंद्र गोस्वामी, विकास कुशवाहा, जिउतलाल, केपी दूबे आदि मौजूद रहे।
बैंकों, डाकघरों, बीमा कार्यालयों पर सन्नाटा
हड़ताल के दूसरे दिन भी जिले के बैंकों, डाकघरों, बीमा कार्यालयों पर सन्नाटा छाया रहा। इस दौरान बैंकों में खाते में जमा-निकासी, बैंक ड्राफ्ट बनाए जाने सहित बैंकिंग संबंधी कामकाज नहीं हुआ। यूपी बैंक इंपलाइज यूनियन वाराणसी इकाई के मंत्री संजय कुमार शर्मा ने बताया कि दो दिन की हड़ताल से जिले में करीब 600 करोड़ का लेन-देन प्रभावित रहा और 35 हजार चेक-ड्राफ्ट का निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान अध्यक्ष आरबी चौबे, पीके घोष, जेकेदास, प्रमोद द्विवेदी, इमरान अली आदि मौजूद रहे। उधर डाकघरों में भी ताले लटके रहे। अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ के मंडलीय अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, मंडलीय सचिव सुबाष शाह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रधान डाकघर कैंट, विश्वेश्वरगंज सहित अन्य डाकघरों पर धरना देकर सरकार से पुरानी पेंशन योजना बहाली, समान काम-समान वेतन, रिक्त पदों पर भर्ती आदि की मांग की।
एलआईसी मंडल कार्यालय पर प्रदर्शन
एलआईसी वर्कस यूनियन वाराणसी डिवीजन की ओर से बीमा कर्मचारियों ने भेलूपुर मंडल कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान मांगें पूरी न होने के विरोध में नारेबाजी की। महामंत्री वीरेंद्र कुमार, एसके श्रीवास्तव, रामआसरे, राजीव लोचन श्रीवास्तव, प्रदीप सिंह भूगुवंशी आदि ने चेतावनी दी कि यदि अब भी मांगें नहीं मानी गई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल को बाध्य होंगे।