वाराणसी। उत्साहित बुनकरों और शिल्पियों ने शनिवार को दीनदयाल हस्तकला संकुल में ओडीओपी प्रदर्शनी के शुभारंभ के दौरान प्रधानमंत्री के स्वागत की जोरदार तैयारी की है। पीएम को देने के लिए खास स्मृति चिह्न बनाए गए हैं। प्रदर्शनी पैवेलियन मेें जरदोजी से बनाई गई भगवान श्रीनाथ की सात फुट ऊंची प्रतिमा सभी को आकर्षित करेगी। अधिकारियों की मौजूदगी में यहां शिल्पियों-बुनकरों के उत्पादों के डिस्प्ले और सजीव प्रसारण का रिहर्सल भी किया गया।
शुक्रवार को लोहता की आफरीन, दिव्या, रेशमा, सहना आदि युवतियां संकुल में अंगवस्त्रम पर जरदोजी से ओडीओपी के लोगो उकेर रही थीं। छाही गांव के बच्चा लाल मौर्या ने इनको बुना है। कबीरचौरा निवासी स्टेट अवार्डी संजय कुमार ने मेटल रिपोजी क्राफ्ट से स्मृति चिह्न बनाया है। स्टेट अवार्डी रामकटोरा निवासी चंद्र प्रकाश विश्वकर्मा ने वुड कार्विंग से नक्काशी दार कमल पीएम को भेंट करने के लिए तैयार किया है। कॉफी टेबल बुक के लिए सारनाथ निवासी पप्पू ने हैंडलूम ब्रोकेड का कवर बनाया है।
प्रधानमंत्री के सामने महिला शिल्पी पुष्पा मौर्या लकड़ी के खिलौने, ज्योति ग्लास बीड्स और निकिता सिंह गुलाबी मीनकारी में तथा प्यारेलाल मौर्या दरी, सादाब आलम जरदोजी, कैसर जहां वाल हैंगिंग, चंद्र प्रकाश वुड कार्विंग, बच्चा लाल मौर्या स्टोन क्राफ्ट में लाइव प्रदर्शन करेंगे। यहां प्रदर्शित किए जाने वाले जीआई क्राफ्ट पर प्रवासी भारतीय दिवस, ओडीओपी, कुंभ और नेशनल जीआई लोगो विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।