वाराणसी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन(आईएमए) की 23 सितंबर को होने वाले चुनाव में अब अध्यक्ष और सचिव पद पर कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। दोनों पदों के लिए बस दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं। गुरुवार को नामवापसी के बाद चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैगल की ओर से प्रत्याशियों की फाइनल सूची जारी कर दी गई।
आईएमए चुनाव को लेकर इधर सरगर्मी तेज हो गई है। पहले पूर्व में चुनाव अधिकारी बनाए गए डॉ. केसी गुप्ता ने इस्तीफा दिया, इसके बाद अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सैगल को नया चुनाव अधिकारी बनाया गया अब सचिव पद पर एक प्रत्याशी का नाम वापस लेने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। गुरुवार को चुनाव अधिकारी की ओर से जो सूची जारी की गई है, उसमें अध्यक्ष निर्वाचित के एक पद के लिए डॉ. आलोक भारद्वाज, डॉ. कार्तिकेय सिंह, सचिव के एक पद पर डॉ. मनीषा सिंह, डॉ.एसपी सिंह मैदान में हैं। इसके अलावा ज्वाइंट सेकेट्री के दो पदों के लिए तीन प्रत्याशी और वित्तसचिव, पुस्तकालय सचिव, वैज्ञानिक सचिव, जनसंपर्क सचिव और सामाजिक सचिव के 1-1 पद के लिए दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं।